हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं के घर छापा: पुलिस ने पत्नी शुभ्रा सिंह और वकील संगीता सिंह को लिया हिरासत में

रायपुर। राजधानी के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र स्थित भाठागांव में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर तोमर बंधुओं के ठिकाने पर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। इस बार पुलिस ने वीरेंद्र सिंह तोमर की पत्नी शुभ्रा सिंह तोमर और उनकी वकील संगीता सिंह को हिरासत में लिया है।

जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई हाल ही में मीडियाकर्मियों के साथ हुई बदसलूकी की घटना के सिलसिले में की गई है। मीडियाकर्मियों ने रिपोर्टिंग के दौरान तोमर बंधुओं और उनके साथियों द्वारा अभद्रता करने की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए पुख्ता साक्ष्य जुटाए और इसके बाद वीरेंद्र सिंह तोमर के घर पर छापेमारी की।

पुलिस कार्रवाई में विरोध

गुरुवार की शाम पुलिस टीम तोमर के घर पहुंची, जहां शुभ्रा सिंह को हिरासत में लिया गया। पुलिस कार्रवाई का विरोध करने के लिए तोमर बंधुओं के गुर्गों ने मौके पर हंगामा किया, लेकिन पुलिस ने स्थिति पर काबू पाते हुए शुभ्रा सिंह को थाने ले गई।

मामले में वकील संगीता सिंह की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई, जिस वजह से उन्हें भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है ताकि मीडियाकर्मियों से हुई बदसलूकी के मामले में सच्चाई सामने आ सके।

संपत्तियों की जांच जारी

इसके साथ ही तोमर बंधुओं की संपत्तियों की भी बारीकी से जांच की जा रही है। प्रशासन की टीम, तहसीलदार के नेतृत्व में संपत्तियों के दस्तावेज खंगाल रही है। इन संपत्तियों के अर्जन की प्रक्रिया और संबंधित दस्तावेजों की गहनता से जांच की जा रही है। सूत्रों की मानें तो जल्द ही कुछ अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चल सकता है।

पुरानी फाइलें भी खंगाली जा रही हैं

पुलिस, नगर निगम और प्रशासन मिलकर तोमर बंधुओं के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और गतिविधियों की छानबीन में जुटे हैं। इनकी पुरानी फाइलें खंगाली जा रही हैं ताकि इन पर ठोस कार्रवाई की जा सके। पुलिस का कहना है कि हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *