नई दिल्ली। महाराष्ट्र में एक दर्दनाक ट्रेन हादसे के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर जोरदार हमला बोला है। राहुल गांधी ने कहा कि मौजूदा सरकार देश की वर्तमान समस्याओं से मुंह मोड़ चुकी है और अब जनता को 2047 के सपने दिखा रही है।
राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार के 11 वर्षों में न कोई जवाबदेही रही, न कोई सुधार हुए, सिर्फ प्रचार और जश्न का माहौल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि अब सरकार ने 2025 जैसे लक्ष्यों की बात करना भी छोड़ दिया है और 2047 की कल्पनाएं बेच रही है।
राहुल गांधी की यह प्रतिक्रिया महाराष्ट्र के ठाणे जिले में दिवा और कोपर रेलवे स्टेशनों के बीच हुए एक ट्रेन हादसे के बाद आई, जिसमें चार लोगों की मौत और छह घायल हो गए। बताया जा रहा है कि यह हादसा भीड़भाड़ के कारण हुआ, जब चलती लोकल ट्रेन में से यात्री गिर पड़े।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भारतीय रेलवे, जो करोड़ों भारतीयों के जीवन की धुरी है, आज अव्यवस्था, असुरक्षा और भीड़भाड़ का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने लिखा, “जब मोदी सरकार अपने 11 साल के कार्यकाल का उत्सव मना रही है, तब देश की हकीकत मुंबई जैसे हादसों में नजर आ रही है।”
राहुल गांधी ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह दुर्घटना उस समय हुई जब दो भीड़भाड़ वाली ट्रेनों के यात्रियों के बैग आपस में टकरा गए, जिससे कई लोग चलती ट्रेन से गिर पड़े। हालांकि, रेलवे की ओर से मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।