ऑपरेशन शील्ड के अंतर्गत भारत-पाक सीमा से लगे छह राज्यों में शनिवार को व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और चंडीगढ़ में शाम 5 बजे से यह अभ्यास शुरू होगा, जिसमें नागरिकों को हवाई हमलों, ड्रोन हमलों और मिसाइल हमलों से बचाव की रणनीति सिखाई जाएगी।
यह मॉक ड्रिल पहले गुरुवार को प्रस्तावित थी, लेकिन प्रशासनिक कारणों से इसे स्थगित कर शनिवार के लिए पुनर्निर्धारित किया गया। 10 मई को पाकिस्तान के साथ संघर्षविराम लागू होने के बाद यह पहली बड़ी मॉक ड्रिल है।
क्या-क्या होगा अभ्यास में:
- हवाई हमलों की चेतावनी के लिए सायरन बजाया जाएगा।
- ड्रोन और मिसाइल हमलों की स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजने की तैयारी।
- नागरिक सुरक्षा और वायुसेना के बीच समन्वय के लिए हॉटलाइन की व्यवस्था।
- महत्वपूर्ण इमारतों व प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
- पूरे इलाके में पूर्ण ब्लैकआउट की व्यवस्था होगी।
- एनसीसी, एनएसएस और भारत स्काउट-गाइड जैसे संगठन सक्रिय रूप से शामिल होंगे।
- जिला स्तर पर स्थानीय प्रशासन की तत्परता का परीक्षण होगा।
गृह मंत्रालय और नागरिक सुरक्षा विभाग के निर्देशानुसार यह अभ्यास देश की सुरक्षा के दृष्टिकोण से अति महत्वपूर्ण है, जिसका उद्देश्य आम जनता को जागरूक करना और वास्तविक संकट की स्थिति में तैयार रहना है।