नाइजीरिया में भारी बारिश के बाद बाढ़ का कहर, 111 लोगों की मौत
अफ्रीकी देश नाइजीरिया के नाइजर राज्य के मोक्वा कस्बे में बृहस्पतिवार रात को हुई मूसलाधार बारिश ने भीषण तबाही मचाई। बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ में कम से कम 111 लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य अब भी लापता हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है।
सिर्फ छतें रह गईं, पूरा इलाका पानी में डूबा
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पानी ने पूरे कस्बे को अपनी चपेट में ले लिया। कई मकानों की सिर्फ छतें ही नजर आ रही हैं। स्थानीय लोग कमर तक पानी में उतरकर अपने परिजनों और सामान को बचाने की कोशिश करते दिखे।
मोक्वा के किसानों को सबसे बड़ा नुकसान
यह कस्बा उत्तरी नाइजीरिया के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण व्यापार केंद्र है, जहां से वे अपना अनाज और माल राजधानी अबुजा सहित दक्षिणी इलाकों में भेजते हैं। किसानों की फसलें, अनाज भंडारण और अन्य संपत्ति पूरी तरह बह गई।
पहले मौसमी बाढ़ थी, अब जानलेवा बन गई
मोक्वा समुदाय के नेता अलिकी मूसा के अनुसार पहले भी बाढ़ आती थी, लेकिन इतनी भीषण कभी नहीं हुई। अब इसकी तीव्रता ने लोगों की जान और आजीविका को संकट में डाल दिया है।
जलवायु परिवर्तन से बदतर हुए हालात
नाइजीरिया के इस क्षेत्र को पहले से ही जलवायु परिवर्तन और सूखे की दोहरी मार झेलनी पड़ रही थी। ऐसे में अत्यधिक बारिश ने तबाही को और बढ़ा दिया। नाइजीरियाई जल विज्ञान सेवा एजेंसी ने अब तक बारिश की सटीक मात्रा जारी नहीं की है।
बचाव में देरी का कारण- अधूरे निर्माण कार्य
मोक्वा क्षेत्र के स्थानीय प्रशासन प्रमुख जिब्रिल मुरेगी ने बताया कि बाढ़ रोकने के लिए बनाए जाने वाले निर्माण कार्य लंबे समय से अधर में लटके हैं। अगर ये समय पर पूरे हो जाते, तो नुकसान कम हो सकता था।
पहले भी हो चुकी है बाढ़ से तबाही
इससे पहले सितंबर में भी मैदुगुरी शहर में बाढ़ आई थी, जिसमें 30 लोगों की मौत हो गई थी और लाखों लोग बेघर हो गए थे। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में यदि ठोस कदम नहीं उठाए गए तो इस तरह की आपदाएं और बढ़ेंगी।