रायपुर | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने बीते 11 वर्षों में सामाजिक, आर्थिक और वैश्विक स्तर पर ऐतिहासिक प्रगति की है। इस मौके को यादगार बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी 9 जून से 21 जून तक ‘संकल्प से सिद्धि अभियान’ चलाएगी। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रायपुर में मीडिया से बातचीत में कहा कि यह अभियान मोदी सरकार की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की 11 साल की यात्रा को जनता तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न सिर्फ भारत को वैश्विक मंच पर मजबूत पहचान दिलाई, बल्कि देश के आम नागरिक के जीवन में भी वास्तविक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि बीते 11 सालों में भारत आत्मनिर्भरता की राह पर तेजी से आगे बढ़ा है और अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।
गरीबी पर करारा प्रहार, 25 करोड़ लोग बाहर आए
अरुण साव ने बताया कि केंद्र सरकार की योजनाओं जैसे जन धन योजना, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना, आयुष्मान भारत, और स्वच्छ भारत मिशन ने गरीबों की जिंदगी में ठोस बदलाव लाया है। इनके माध्यम से करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। उन्होंने कहा कि पहले आम लोग सरकार से कटे हुए महसूस करते थे, लेकिन अब उन्हें लगता है कि सरकार उनके साथ खड़ी है।
‘संकल्प से सिद्धि’ अभियान का मकसद
9 से 21 जून तक चलने वाला यह अभियान आम जनता को मोदी सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराएगा। बूथ स्तर तक भाजपा कार्यकर्ता इस अभियान में शामिल होंगे और लोगों को बताएंगे कि 2014 के बाद से देश किस प्रकार से आगे बढ़ा है। यह अभियान खासकर युवाओं, महिलाओं और गरीब वर्ग को केंद्र में रखकर चलाया जाएगा।
मोदी के नेतृत्व में बदली दिशा और दशा
अरुण साव ने कहा कि नरेंद्र मोदी जी ने न केवल देश की दिशा बदली, बल्कि शासन के मायने भी बदल दिए। पहले राजनीति में जो अविश्वास था, उसे खत्म कर आज जनता सरकार पर भरोसा करती है। यही वजह है कि देशवासी मोदी जी के नेतृत्व में खुद को भागीदार महसूस करते हैं