लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को सीबीआई कार्यालय के मुख्य द्वार पर एक चौंकाने वाली घटना घटी, जिसमें सुरक्षा में तैनात एएसआई वीरेंद्र सिंह पर एक अज्ञात व्यक्ति ने तीर से हमला कर दिया। घायल एएसआई को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 50 वर्षीय दिनेश मुर्मू के रूप में हुई है, जो बिहार का निवासी है। घटना उस समय घटी जब मुर्मू संदिग्ध अवस्था में सीबीआई कार्यालय के बाहर खड़ा था। ड्यूटी पर तैनात एएसआई वीरेंद्र सिंह ने जब उससे वहां खड़े होने की वजह पूछी, तो आरोपी ने झोले से धनुष और तीर निकालकर उन पर अचानक हमला कर दिया।
एएसआई के शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में संदेह है कि हमलावर मानसिक रूप से असंतुलित हो सकता है, हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल परीक्षण के बाद ही हो पाएगी।
घटना के बाद सीबीआई कार्यालय की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। पुलिस अब हमले के पीछे की मंशा और आरोपी की मानसिक स्थिति की गहराई से जांच कर रही है।