मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने किया एलान, जल्द अन्य शहरों से भी शुरू होंगी हवाई सेवाएं
असम के यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। इंडिगो एयरलाइंस सितंबर 2025 के मध्य से दिल्ली और जोरहाट के बीच सीधी विमान सेवा शुरू करने जा रही है। यह सेवा राज्य में हवाई संपर्क को और बेहतर बनाएगी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने जानकारी दी कि यह उड़ान नॉन-स्टॉप होगी, जिससे यात्रियों को तेज़, सुविधाजनक और सुलभ यात्रा का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली स्थित इंडिगो प्रबंधन से मुलाकात के दौरान उन्होंने असम के अन्य शहरों जैसे डिब्रूगढ़, सिलचर और उत्तरी लखीमपुर के लिए भी हवाई सेवाएं शुरू करने का आग्रह किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि यह सेवा राज्य के नागरिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी।
हवाई सेवाओं का होगा विस्तार
- दिल्ली-जोरहाट: सितंबर से सीधी उड़ान
- दिल्ली-डिब्रूगढ़: अब गुवाहाटी के स्टॉपओवर के साथ
- गुवाहाटी-सिलचर: शेड्यूल में बदलाव कर सेवा बहाल होगी
- गुवाहाटी-नवी मुंबई: 2025-26 सर्दियों से नई उड़ान
- उत्तरी लखीमपुर (लीलाबारी एयरपोर्ट): परिचालन की संभावना पर इंडिगो करेगी मूल्यांकन
मुख्यमंत्री ने इसे असम की समग्र हवाई कनेक्टिविटी को नया आयाम देने वाला कदम बताया है। इससे राज्य में पर्यटन, व्यापार और आवागमन को बढ़ावा मिलेगा।