11 राज्यों में फैला कोरोना का नया रूप
कोरोना वायरस का नया म्यूटेशन भारत के 11 राज्यों तक पहुंच चुका है। दिल्ली, महाराष्ट्र, गुजरात, केरल, तमिलनाडु, हरियाणा, पुडुचेरी, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, राजस्थान और कर्नाटक में इस वायरस के मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और घबराने की जरूरत नहीं है।
अब तक कितने मामले सामने आए?
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश में 20 मई 2025 तक कुल 257 सक्रिय मामले हैं, जिनमें से 164 नए केस हैं। केरल में सबसे ज्यादा 95 एक्टिव केस हैं, उसके बाद तमिलनाडु में 66 और महाराष्ट्र में 56 सक्रिय केस हैं। दिल्ली, गुजरात और अन्य राज्यों में भी मामूली मामले रिपोर्ट हुए हैं।
किन्हें है ज्यादा खतरा?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, यह नया स्ट्रेन अत्यधिक संक्रामक नहीं है। हालांकि, पहले से बीमार लोगों को यह ज्यादा प्रभावित कर सकता है। 59 वर्षीय कैंसर पीड़ित व्यक्ति और 14 वर्षीय किशोरी की मौत रिपोर्ट हुई है, हालांकि मौत का सीधा कारण कोरोना नहीं बताया गया।
विशेषज्ञों की राय: घबराएं नहीं, सतर्क रहें
मैक्स अस्पताल की डॉ. ममता त्यागी और बीएलके अस्पताल के डॉ. संदीप नायर का कहना है कि नया स्ट्रेन (JN-1) ज्यादा खतरनाक नहीं है। लक्षण हल्के होते हैं, जैसे बुखार और खांसी। उन्होंने कहा कि यह वायरस एंडेमिक स्टेज में हो सकता है, यानी इसका असर सीमित और नियंत्रण योग्य है।
क्या करें और क्या न करें?
- सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनें, खासकर बीमार व्यक्ति।
- भीड़भाड़ से बचें।
- बार-बार हाथ धोएं।
- आंख, नाक और मुंह को हाथ न लगाएं।
- किसी भी लक्षण पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।