कानपुर में संगठन को मजबूत करने की तैयारी में जुटी कांग्रेस
कानपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस संगठन में बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। कांग्रेस अब निष्क्रिय और गुटबाजी में लिप्त कार्यकर्ताओं को संगठन से बाहर का रास्ता दिखाएगी, वहीं निष्ठावान व समर्पित कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां दी जाएंगी। शनिवार को आयोजित बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के समन्वयकों दिनेश सिंह और विजय मिश्रा की मौजूदगी में इस रणनीति पर चर्चा हुई।
100 दिनों की कार्ययोजना तैयार
बैठक में 100 दिनों के भीतर संगठन में व्यापक सुधार की रूपरेखा बनाई गई। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में बूथ स्तर तक सक्रियता लाने और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। नगर ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष संदीप शुक्ला ने कहा कि जो लोग कांग्रेस के आंदोलनों और कार्यक्रमों में हिस्सा नहीं ले रहे हैं, उन्हें संगठन से हटाया जाएगा।
संगठन में युवाओं, महिलाओं और छात्रों को प्राथमिकता
पूर्व विधायक भूधर नारायण मिश्रा ने कहा कि आने वाला समय कांग्रेस का है और पार्टी को पुनः मजबूती से खड़ा करने का यह सही समय है। पूर्व महानगर अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री ने युवाओं, छात्रों और महिलाओं को संगठन से जोड़ने की अपील की।
बैठक का संचालन नेता रमा दुबे ने किया। इस दौरान नरेश चंद्र त्रिपाठी, करिश्मा ठाकुर, ऊषारानी कोरी, अमित पांडेय समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर कांग्रेस का सत्याग्रह
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रायपुरवा, रामादेवी, उर्सुला, केपीएम और कांशीराम अस्पतालों में बिगड़ी स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ सत्याग्रह किया। प्रदर्शनकारियों ने “फेल स्वास्थ्य सेवाएं दुरुस्त करो”, “मरीजों का उत्पीड़न बंद करो” जैसे नारों के साथ प्रदर्शन किया।
कांग्रेस ने चेताया कि अगर जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो सीएमओ के खिलाफ आंदोलन और तेज होगा।