मध्य चीन के हेंगयांग शहर के युएलिन गांव में रविवार सुबह भारी बारिश के बाद भूस्खलन हो गया, जिसमें एक ही परिवार के 21 लोग मलबे में दब गए। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जबकि 6 गंभीर रूप से घायल हैं। बचाव कार्य में 250 से अधिक कर्मी लगे हुए हैं और राहत कार्य तेजी से जारी है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे पहाड़ी क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ के कारण एक मकान का हिस्सा गिर गया, जिससे पूरा परिवार मलबे में दब गया। रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए मलबे से 15 शव निकाले और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल पर चीनी प्रशासन की टीमें लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
चीन में अचानक मौसम बदला, गर्मी के बाद आई तबाही
हाल ही में चीन के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के बाद अचानक तेज बारिश और तूफानों ने कहर बरपाया है। विशेष रूप से उत्तर और दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों में तेज बारिश के चलते बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में और भी इलाकों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है।
गेमी तूफान की चपेट में ताइवान, 8 की मौत
उधर, ताइवान में आए गेमी नामक चक्रवाती तूफान ने व्यापक तबाही मचाई है। तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के कारण विभिन्न इलाकों में मकान ढह गए और पेड़ उखड़ गए। ताइवान में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों लोग घायल हैं। कोहसिउंग, ताइनान और ताइचुंग सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्र हैं। अब भी कई क्षेत्रों में तेज बारिश जारी है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।