मानसून की बारिश का कहर: छत्तीसगढ़-ओडिशा समेत 17 राज्यों में भारी बरसात, पहाड़ों पर बर्फबारी जारी

देश में मानसून ने अपनी गति तेज कर दी है। छत्तीसगढ़ और ओडिशा में मानसून की बारिश 12-13 दिन पहले शुरू हो चुकी है और अब यहाँ के कई जिलों में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने ओडिशा में आने वाले चार से पांच दिनों तक भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी तट के केरल, कर्नाटक, तटीय महाराष्ट्र और गोवा में भी भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने के कारण अगले 24 घंटों में डिप्रेशन बनने की संभावना है, जो मानसून को और सक्रिय करेगा। पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम में भी 30 मई तक भारी बारिश जारी रहने की संभावना है।

मुंबई में यलो अलर्ट, जलभराव से जनजीवन प्रभावित

महाराष्ट्र के मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे और आसपास के इलाकों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। बदलापुर, कल्याण और डोंबिवली जैसे इलाकों में जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

राजस्थान में तीन दिनों का रेड अलर्ट, पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का प्रकोप

राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में अगले तीन दिनों तक तेज गर्मी बनी रहेगी। जैसलमेर में धूलभरी आंधी चली और मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, उदयपुर और चित्तौड़गढ़ में बारिश हो रही है।

हिमाचल में बर्फबारी और ओले, छह जिलों में बारिश का अलर्ट

शिमला, धर्मशाला और कुल्लू में बारिश के साथ ओले गिरने से मौसम ठंडा हो गया है। हिमालय की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी जारी है। मौसम विभाग ने छह जिलों में बारिश और अंधड़ की चेतावनी दी है।

तमिलनाडु के कुछ जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट

कोयंबटूर, नीलगिरी समेत अन्य जिलों में 29 और 30 मई को भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी है। आईएमडी ने पूरे देश में मानसून की वर्षा सामान्य से अधिक रहने का अनुमान जताया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *