भारत में मानसून का कहर, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
देशभर में दक्षिण पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और बिहार के बड़े हिस्सों में पहुंच चुका है। अगले दो दिनों में मानसून के राजस्थान, मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
किन राज्यों में होगी आज भारी बारिश
मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और गुजरात क्षेत्र में दो निम्न दबाव के केंद्र बने हुए हैं, जिसके कारण गुजरात, कर्नाटक, कोंकण, केरल, झारखंड और ओडिशा में अलग-अलग स्थानों पर बहुत भारी वर्षा की संभावना है। पश्चिम बंगाल के मैदानी इलाकों में भी तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है।
बीते 24 घंटों में कहर बरपाती बारिश
मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में कई जगहों पर भारी बारिश दर्ज की गई है। गुजरात क्षेत्र, कोंकण और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।
गुजरात में हालात गंभीर, 18 लोगों की मौत
गुजरात में भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। अब तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 18 लोगों की मौत हो चुकी है। बोटाद, अमरेली, सुरेंद्रनगर और भावनगर जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। राहत और बचाव के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर तैनात हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हालात की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। बोटाद जिले में खंभाड़ा बांध के द्वार खोल दिए गए हैं, जिससे जलभराव की समस्या और गंभीर हो गई है।
झारखंड में बिजली गिरने से तीन की मौत
झारखंड के पलामू जिले में मंगलवार को भारी बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। चैनपुर थाना क्षेत्र के चांदो गांव में 60 वर्षीय महिला सरस्तिया देवी और उनकी बेटी रूपा कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य घटना में रेहला थाना क्षेत्र में बिजली गिरने से एक बुजुर्ग की जान चली गई।