एअर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर संकट, कई रद्द, यात्रियों को होटल और रिफंड की सुविधा
एअर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय उड़ानें एक बार फिर सुर्खियों में हैं। मंगलवार को एयरलाइन ने कई बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर उड़ानों को रद्द कर दिया। अहमदाबाद में हाल ही में हुए विमान हादसे के बाद एअर इंडिया के वैश्विक संचालन पर इसका सीधा असर पड़ा है। एयरलाइन के अनुसार, यह निर्णय विमान की सुरक्षा जांच, हवाई क्षेत्र में पाबंदियां और अतिरिक्त सावधानी के चलते लिया गया है।
हादसे के बाद प्रभावित प्रमुख उड़ानों में शामिल हैं:
- AI915 – दिल्ली से दुबई – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर
- AI153 – दिल्ली से विएना – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर
- AI143 – दिल्ली से पेरिस – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर
- AI159 – अहमदाबाद से लंदन – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर
- AI170 – लंदन से अमृतसर – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर
- AI133 – बंगलूरू से लंदन – बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर
- AI179 – मुंबई से सैन फ्रांसिस्को – बोइंग 777
अहमदाबाद-लंदन गेटविक की उड़ान रद्द
एयर इंडिया ने कहा कि अहमदाबाद से लंदन गेटविक के लिए उड़ान रद्द की गई है। विमान की कमी, हवाई क्षेत्र की पाबंदियां और व्यापक सुरक्षा जांच इस फैसले का कारण हैं। हालांकि, एयर इंडिया ने यह स्पष्ट किया कि तकनीकी खराबी इस रद्दीकरण का कारण नहीं है। यात्रियों को होटल, रिफंड और मुफ्त री-शेड्यूलिंग की सुविधा दी जा रही है।
दिल्ली-पेरिस उड़ान भी प्रभावित
दिल्ली से पेरिस जाने वाली AI143 उड़ान भी मंगलवार को रद्द कर दी गई। उड़ान से पहले तकनीकी जांच में खामी मिलने के कारण इसे स्थगित किया गया। साथ ही पेरिस से दिल्ली लौटने वाली AI142 फ्लाइट भी रद्द कर दी गई है।
कोलकाता में रोकी गई सैन फ्रांसिस्को-मुंबई फ्लाइट
सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जा रही AI180 फ्लाइट को कोलकाता में तकनीकी जांच के दौरान रोक दिया गया। विमान में 228 लोग सवार थे। पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण उड़ान को कोलकाता में तकनीकी स्टॉप देना पड़ा। यात्रियों को होटल में ठहराया गया, लेकिन हवाई अड्डे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
एअर इंडिया ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है और सभी यात्रियों के गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।