कल राजकोट में होगा विजय रुपाणी का अंतिम संस्कार, अब तक 274 लोगों की मौत

राजकोट। एयर इंडिया विमान दुर्घटना में दिवंगत गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी का अंतिम संस्कार कल सोमवार को राजकीय सम्मान के साथ राजकोट में किया जाएगा। इस हादसे में अब तक 274 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

गुजरात सरकार के मंत्री ऋषिकेश पटेल ने जानकारी दी कि विजय रुपाणी के पार्थिव शरीर की डीएनए जांच से पहचान हो चुकी है, जिसके बाद उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है। बता दें कि विजय रुपाणी का निधन 12 जून को हुए विमान हादसे में हुआ था।

अंतिम संस्कार का कार्यक्रम

मंत्री ऋषिकेश पटेल ने बताया कि सोमवार सुबह 11:30 बजे सिविल अस्पताल गांधीनगर से पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपा जाएगा। इसके बाद विजय रुपाणी का पार्थिव शरीर हवाई मार्ग से राजकोट ले जाया जाएगा, जहां दोपहर करीब 2 बजे तक पहुंचने की संभावना है। अंतिम यात्रा शाम 5 बजे निकलेगी और अंतिम संस्कार शाम 6 बजे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

हादसे में 274 लोगों की मौत की पुष्टि

मंत्री ने बताया कि अब तक 45 लोगों के डीएनए सैंपल की पहचान हो चुकी है और हादसे में कुल 274 मौतों की पुष्टि हुई है। मंत्री ने कहा कि यह हादसा गुजरात और देश के लिए एक गहरी पीड़ा और अपूरणीय क्षति है।

सिविल अस्पताल में तेजी से हो रहा शवों का पहचान कार्य

गांधीनगर सिविल अस्पताल के नोडल अधिकारी डॉ. अरविंद विजाउन ने बताया कि डीएनए रिपोर्ट के बाद अस्पताल में डी2 ब्लॉक में एक सत्यापन केंद्र स्थापित किया गया है। पार्थिव शरीर की पहचान के बाद पोस्टमॉर्टम कक्ष को सूचना दी जाती है और अंतिम प्रक्रिया आगे बढ़ती है। अस्पताल में परिजनों के लिए प्रतीक्षालय की व्यवस्था की गई है, जहां काउंसलर और मेडिकल टीम सहायता कर रही है।

गुजरात सरकार ने तेजी से डीएनए परीक्षण, पहचान और शव सौंपने की प्रक्रिया सुनिश्चित की है, साथ ही परिजनों को हरसंभव मदद भी दी जा रही है।

प्रधानमंत्री कार्यालय की नजर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधान सचिव पीके मिश्रा ने रविवार को अहमदाबाद में हादसे की जगह और सिविल अस्पताल का दौरा कर घायलों की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने उन्हें इस दुर्घटना की पूरी जानकारी दी। बता दें कि हादसे में एआई ड्रीमलाइनर विमान में सवार 242 यात्रियों में से 241 की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *