भारत ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। जापान के ओसाका में आयोजित वर्ल्ड एक्सपो 2025 में भारत के मंडप को दुनियाभर के शीर्ष पांच मंडपों में शामिल किया गया है। यह एक्सपो 13 अक्टूबर 2025 तक जारी रहेगा और इसमें 160 से अधिक देश भाग ले रहे हैं।
भारत का यह विशेष मंडप इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (IGNCA) द्वारा संस्कृति मंत्रालय के मार्गदर्शन में तैयार किया गया है। इस मंडप ने ‘संगम’ यानी संस्कृति, तकनीक और आधुनिकता के मेल से वैश्विक दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया है।
भारत मंडप में आयुर्वेद, अंतरिक्ष अनुसंधान (ISRO), सांस्कृतिक विरासत, नवाचार और सतत विकास जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। पारंपरिक परिधान, गरबा कार्यशाला, योग सत्र और स्वादिष्ट भारतीय व्यंजन भी इस मंडप को खास बना रहे हैं।
‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को दर्शाते हुए मंडप का केंद्रीय आकर्षण अजंता की गुफाओं से प्रेरित पद्मपाणि बोधिसत्व की छवि है। इसे भारत की करुणा, ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक कूटनीति का प्रतीक माना जा रहा है। IGNCA के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी ने इसे भारत की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर स्थापित करने का माध्यम बताया है।