शौर्य की दीवारों ने बयां की वीरगाथा, उपमुख्यमंत्री ने किया भित्ति चित्रों का लोकार्पण

राजधानी रायपुर के सैनिक कल्याण परिसर में आज एक भावनात्मक और गौरवपूर्ण माहौल देखने को मिला, जब उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने देश के वीर जवानों की शौर्यगाथा को चित्रों के माध्यम से अमर करने वाले भित्ति चित्रों का लोकार्पण किया। इन चित्रों में भारतीय थल सेना, नौसेना और वायुसेना के साहसिक कारनामों को जीवंत रूप में दर्शाया गया है।

उपमुख्यमंत्री शर्मा ने इस मौके पर कहा, “हमारे सैनिकों का बलिदान और समर्पण ही देश की असली ताकत है। ये भित्ति चित्र आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा देंगे और उन्हें देश सेवा के लिए उत्साहित करेंगे।”

भित्ति चित्रों के लोकार्पण के बाद उपमुख्यमंत्री ने परिसर में कल्याण बाग में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में ब्रिगेडियर टी.एस. बावा, एयर कमोडोर एफ.पी. पिंटो, कमोडोर ए.एस. बिसेन, कर्नल एस. रमेश सहित कई सैन्य अधिकारी, भूतपूर्व सैनिक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने वीर नारियों और वीर माताओं को शाल, श्रीफल और 11,000 रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया। साथ ही तीन पूर्व सैनिकों को कल्याणकारी योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता के चेक भी वितरित किए गए।

उपमुख्यमंत्री ने सैनिकों और उनके परिवारों से अनौपचारिक चर्चा कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।

सैनिक कल्याण संचालनालय के संचालक ब्रिगेडियर विवेक शर्मा (से.नि.) ने राज्य सैनिक बोर्ड की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि ये सभी योजनाएं सैनिकों के जीवन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *