नई दिल्ली : अजय कुमार केरल कैडर के 1985 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं। वह 23 अगस्त, 2019 से 31 अक्तूबर, 2022 तक देश के रक्षा सचिव रहे थे।
केंद्र सरकार ने पूर्व रक्षा सचिव अजय कुमार को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) का चेयरमैन नियुक्त किया है। यह पद 29 अप्रैल को प्रीति सूदन का कार्यकाल पूरा होने के बाद रिक्त हो गया था।
कार्मिक मंत्रालय की तरफ से जारी आदेश के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कुमार की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। कुमार केरल कैडर के 1985 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं। वह 23 अगस्त, 2019 से 31 अक्तूबर, 2022 तक देश के रक्षा सचिव रहे थे।
बता दें कि यूपीएससी आईएएस, भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के लिए अधिकारियों का चयन करने के लिए सिविल सेवा परीक्षा आयोजित करता है। इसका नेतृत्व एक अध्यक्ष करता है और इसमें अधिकतम 10 सदस्य हो सकते हैं। वर्तमान में, आयोग में दो सदस्यों का पद रिक्त है। यूपीएससी अध्यक्ष की नियुक्ति छह साल की अवधि या 65 वर्ष की आयु प्राप्त करने तक के लिए की जाती है।